जौनपुर , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के बदलापुर विधानसभा के भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्रा ने पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्र में पूछे गए एक प्रश्न पर कड़ी आपत्ति जताते हुए रविवार को मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में कहा है कि 14 मार्च को आयोजित उत्तर प्रदेश पुलिस उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा के हिंदी खंड में एक अत्यंत आपत्तिजनक एवं संवेदनशील प्रश्न पूछा गया, जिससे समाज में आक्रोश की स्थिति उत्पन्न हो गई है। प्रश्न में अवसर के अनुसार बदल जाने वाले व्यक्ति के लिए एक शब्द पूछते हुए विकल्प में "पंडित" , अवसरवादी, निष्कपट और सदाचारी दिए गए थे। विधायक ने कहा कि यह प्रश्न गलत तरीके से तैयार किया गया है। अवसर के अनुसार बदल जाने वाले व्यक्ति को अवसरवादी कहा जाता है, लेकिन विकल्प में पंडित शब्द को शामिल करना एक विशेष समुदाय की भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने कहा कि पंडित शब्द विद्वान, ज्ञानी और धार्मिक सम्मान से जुड़ा होता है, इसे नकारात्मक अर्थ से जोड़ना पूरी तरह अनुचित और असंवेदनशील है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित