मधुबनी , जुलाई 20 -- बिहार के मधुबनी जिले के रहिका थाना क्षेत्र में पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) और चौकीदार पर हमला कर मोबाइल छीनने के प्रयास के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) योगेंद्र कुमार ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 16 जुलाई की मध्य रात्रि एनएच-27बी पर बाइक सवार तीन अपराधियों ने रहिका थाना के पुलिस अवर निरीक्षक रूपक कुमार और एक चौकीदार को रोककर मोबाइल छीनने का प्रयास किया था।विरोध करने पर अपराधियों ने एसआई को घायल कर दिया था।उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-01 के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी।

एसएसपी ने बताया कि 18 जुलाई को सूचना मिली कि बसौली-बलांट गांव के समीप एक बगीचे में दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस को देखकर अपराधियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस बल की तत्परता से सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ के दौरान अपराधियों ने स्वीकार किया कि 16 जुलाई को एसआई और चौकीदार पर हुए हमले में मनीष कुमार, अक्षय कुमार तथा उनका एक अन्य साथी शामिल था। उनकी निशानदेही पर लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।गिरफ्तार अपराधियों की पहचान दरभंगा जिले के रैयाम थाना क्षेत्र के छाछा गांव निवासी मनीष कुमार पासवान, अक्षय कुमार, कृष्णा कुमार, लक्ष्मीपुर पचारी गांव निवासी बॉबी कुमार चौपाल तथा मधुबनी जिले के सकरी थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव निवासी रविशंकर कुमार मंडल के रूप में की गई है।

एसएसपी ने बताया कि सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उनके विरुद्ध रहिका और पंडौल थाना में पूर्व से भी मामले दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित