चंडीगढ़ , जून 01 -- हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 की तैयारियों और प्रगति की समीक्षा के लिए सोमवार को चंडीगढ़ में बैठक आयोजित की गयी। बैठक की अध्यक्षता उप निर्वाचन आयुक्त संजय कुमार ने की। इस दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत चल रही गतिविधियों, कार्य योजनाओं और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गयी।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने बताया कि बैठक में मतदाता सूची की सटीकता, पारदर्शिता और समावेशिता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने तथा सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के निर्देश दिये गये। साथ ही मृत, स्थानांतरित और अपात्र मतदाताओं के नाम निर्धारित प्रक्रिया के तहत हटाने पर भी बल दिया गया।
बैठक में बूथ स्तर पर चल रहे सत्यापन कार्य की समीक्षा करते हुए उप निर्वाचन आयुक्त ने बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को घर-घर जाकर सत्यापन अभियान प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिये। उनका कहना था कि इससे मतदाता सूची अधिक सटीक और विश्वसनीय बन सकेगी।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद और समन्वय बनाये रखने की आवश्यकता भी बताई। उनके अनुसार पुनरीक्षण प्रक्रिया में सभी हितधारकों की भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करती है।
बैठक में मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों, शिकायतों एवं आपत्तियों के निस्तारण तथा तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देश दिये गये कि जिन मतदाताओं का डेटा मैपिंग कार्य पूरा नहीं हुआ है, उन्हें नोटिस जारी किये जायें और प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाये।
उप निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की आधारशिला है और सभी स्तरों पर पारदर्शिता, जवाबदेही तथा गंभीरता सुनिश्चित की जानी चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित