जालंधर , अगस्त 21 -- पंजाब में जालंधर के जिला चुनाव अधिकारी वरजीत वालिया ने शुक्रवार को बताया कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर)-2025 के तहत 12 सितंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त करने के लिए चल रहे अभियान के दौरान जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र विद्यार्थियों के वोट बनवाने के लिए विशेष कैंप लगाये जाएंगे। जिला चुनाव अधिकारी ने जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को निर्देश दिये कि पात्र विद्यार्थियों को मतदाता के रूप में पंजीकृत करने के लिए समय-समय पर विशेष कैंप आयोजित किये जायें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता 12 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित होने वाली अंतिम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रह जाये।

उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों और कैंपस एंबेसडरों के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने के लिए जागरूक किया जाये। उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में एक-एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के भी निर्देश दिये, जो विद्यार्थियों के मतदाता पंजीकरण से संबंधित गतिविधियों का समन्वय करेंगे। डीसी ने बताया कि कोई भी पात्र विद्यार्थी अपनी वोट बनवाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल ऐप के माध्यम से आवेदन कर सकता है। इसके अलावा ऑफलाइन फॉर्म नंबर-6 भरकर संबंधित मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी के पास भी जमा कराया जा सकता है।

उन्होंने सभी शिक्षण संस्थानों से अपील की कि युवाओं को मतदान के महत्व और भारतीय लोकतंत्रमें उनकी सक्रिय भागीदारी के बारे में अधिक से अधिक जागरूक किया जाए, ताकि पात्र विद्यार्थी पूरे उत्साह के साथ मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण करवाने के लिए आगे आयें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित