रांची , जून 19 -- झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि मतदाताओं के बीच मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण से संबंधित सभी तथ्यों का विस्तृत प्रचार-प्रसार करें।
उनके द्वारा सभी जिला जनसंपर्क अधिकारियों और उप निर्वाचन पदाधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में एसआईआर संबंधी संचार और मीडिया प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री कुमार ने कहा कि प्रेस विज्ञप्ति और सोशल मीडिया संचार के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मानक संचालन प्रक्रिया को औपचारिक रूप से साझा किया गया है इसका अनुपालन करते हुए ही कार्य करें। उन्होंने कहा कि एसओपी के आधार पर नियमित प्रेस ब्रीफिंग और एसआईआर से जुड़े महत्वपूर्ण जानकारियों को साझा करें। उन्होंने कहा कि अफवाहों को नियंत्रित करने के साथ ही, व्यापक मीडिया निगरानी के तहत क्षेत्रीय व राष्ट्रीय टीवी चैनलों की दैनिक ट्रैकिंग और सोशल मीडिया और भ्रामक व फेक खबरों की पहचान कर तथ्यों के साथ उनका ससमय खंडन करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
श्री कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया के डिजिटल क्रिएटर के लिए 27 जून को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा इंफ्लूएंसर मीट कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी डिजिटल क्रिएटर एवं इंफ्लूएंसर इस मीटिंग में अवश्य भाग लें जिससे वर्तमान में राज्य में जारी एसआईआर के बारे में जानकारी साझा करते समय भारत निर्वाचन आयोग के तथ्यों की जानकारी उपलब्ध रहे।
इस अवसर पर अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सह स्टेट मीडिया नोडल सुबोध कुमार ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्राप्त एसआईआर हेतु एसओपी पर बिंदुवार दिशा निर्देश दिए ।
इस अवसर पर स्टेट ट्रेनिंग नोडल देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय कुमार सहित ऑनलाइन माध्यम से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी , जिला जनसंपर्क पदाधिकारी एवं जिला सोशल मीडिया पब्लिसिटी पदाधिकारी उपस्थित रहे ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित