सिरसा , जून 14 -- हरियाणा में सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह होनी चाहिए, ताकि किसी भी पात्र नागरिक के मतदान अधिकार पर असर न पड़े।

मीडिया से बातचीत में कुमारी सैलजा ने रविवार को कहा कि विभिन्न राज्यों में समय-समय पर मतदाता सूचियों में गड़बड़ियों और पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान अतिरिक्त सावधानी बरतना आवश्यक है, ताकि किसी भी वास्तविक मतदाता का नाम गलती से सूची से न हटे।

उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र में नागरिक की सबसे महत्वपूर्ण संवैधानिक शक्तियों में से एक है। यदि किसी व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हट जाता है तो उसे दोबारा जुड़वाने की प्रक्रिया कई बार जटिल और समय लेने वाली साबित होती है। इसलिए चुनाव आयोग और संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।

सांसद ने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण का उद्देश्य केवल रिकॉर्ड को अद्यतन करना होना चाहिए, न कि किसी योग्य मतदाता को उसके अधिकार से वंचित करना। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से भी इस प्रक्रिया पर नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती निष्पक्ष चुनावों और सुरक्षित मतदान अधिकारों पर आधारित होती है।

इसलिए यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी भी स्तर पर गलत तरीके से वोट न काटे जाएं और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित बना रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित