पौड़ी , अगस्त 20 -- उत्तराखंड में पौड़ी गढवाल जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों, मतदाता सूची, ब्लाक स्तर अधिकारी (बीएलओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) स्तर पर की जा रही कार्रवाई तथा नोटिसों की सुनवाई की प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एसआईआर प्रपत्रों के निस्तारण का रेंडम चेक किया। कुछ नो-मैपिंग वाले प्रपत्रों में बीएलओ एवं एईआरओ की रिपोर्ट संलग्न नहीं पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक रिपोर्ट एवं सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्य में केवल प्रपत्रों के निस्तारण की संख्या पर ध्यान न देकर प्रत्येक प्रपत्र की गुणवत्ता, सत्यापन और प्रक्रिया की शुद्धता सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने यमकेश्वर एवं श्रीनगर विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ से फोन पर वार्ता कर प्रपत्रों को निर्धारित प्रारूप एवं आवश्यक रिपोर्ट के साथ भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के बीएलओ से भी फोन पर बातचीत कर नोटिसों की सुनवाई प्रक्रिया की जानकारी ली। वहीं, चौबट्टाखाल एवं कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य जारी रखने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई की प्रक्रिया निर्धारित रूप से आगे बढ़ रही है और शेष प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी एसआईआर फॉर्म निर्धारित प्रारूप के अनुसार भरे जाएं तथा प्रत्येक स्तर पर प्रपत्रों की जांच एवं गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।

इस अवसर पर एडीएम एफआर चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित