देवरिया , अक्टूबर 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त प्रदेश प्रवक्ता एसएन सिंह ने बुधवार को कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी एसआईआर के मामले में देश को गुमराह कर रहे हैं।

पार्टी में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार अपने गृह जिले देवरिया पहुंचे श्री सिंह का स्वागत जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, जिला पंचायत प्रशासक पंडित गिरीश चंद तिवारी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष छठे लाल निगम और निवर्तमान जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने किया।

श्री सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस दौरान राहुल गांधी द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग पर तीखा पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि "राहुल गांधी झूठे आदमी हैं, खुद गुमराह हैं और देश को भी गुमराह करते हैं।"उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते राहुल गांधी को पता होना चाहिए कि संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति से इस्तीफा मांगने से इस्तीफा नहीं होता। ठोस सबूत है तो उच्चतम न्यायालय जायें लेकिन उन्हे याद होना चाहिये कि वे ईवीएम समेत कई मामलों में वे पांच बार माफी मांग चुके हैं।

मतदाता सूची पुनरीक्षण पर उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया तीन से चार महीने चलती है। बीएलओ-बीएलए घर-घर जाते हैं, फिर भी राहुल सिर्फ शोर मचा रहे हैं। कांग्रेस पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वोट चोरी अगर किसी ने की तो कांग्रेस ने की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित