रायपुर , अक्टूबर 05 -- छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची से बड़ी संख्या में नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को कहा कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता की तरह बयान देने के बजाय इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करनी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने यहां जारी बयान में आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर राज्य के 24 लाख 99 हजार 823 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं। उन्होंने इसे गंभीर मामला बताते हुए कहा कि सरकार इसे सामान्य सत्यापन प्रक्रिया बताकर सवालों से बचने का प्रयास कर रही है।
श्री शुक्ला ने आरोप लगाया कि 19 लाख 13 हजार 540 मतदाताओं को अनुपस्थित अथवा स्थानांतरित और छह लाख से अधिक मतदाताओं को मृत बताकर सूची से नाम हटाए गए। उन्होंने दावा किया कि कई मामलों में भौतिक सत्यापन किए बिना कार्रवाई की गई, जिससे गरीब, मजदूर, आदिवासी और रोजगार के सिलसिले में अस्थायी रूप से बाहर रहने वाले मतदाता प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा और प्रशासन इसे मतदाता सूची के सत्यापन और शुद्धिकरण की प्रक्रिया बता रहे हैं, जबकि कांग्रेस को इसमें बड़े पैमाने पर अनियमितता की आशंका है। उन्होंने फॉर्म-7 के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि बिलासपुर शहर के तीन मतदान केंद्रों में 117 मतदाताओं के नाम हटाए गए थे, लेकिन कांग्रेस की आपत्ति के बाद किए गए भौतिक सत्यापन में संबंधित मतदाता पात्र पाए गए।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि रायपुर, बिरगांव, बालोद, दुर्ग और बस्तर सहित प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से भी मतदाताओं के नाम हटाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि किसी मतदाता का नाम हटाने से पहले निर्धारित प्रक्रिया और भौतिक सत्यापन का पालन किया जाना चाहिए।
श्री शुक्ला ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्हें निर्वाचन आयोग के प्रवक्ता की भूमिका में नहीं आना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि यदि यह नियमित प्रक्रिया है तो संबंधित मतदाताओं को नाम हटाए जाने से पहले लिखित सूचना क्यों नहीं दी गई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, उनकी सूची सार्वजनिक कर मतदान केंद्रवार जांच कराई जाए। साथ ही बूथ स्तर के अधिकारी संबंधित मतदाताओं के पते पर जाकर भौतिक सत्यापन करें और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित