लखनऊ , फरवरी 9 -- समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में वैध मतदाताओं के नाम अवैध रूप से कटवाने की साजिश का आरोप लगाया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को ज्ञापन सौंपकर एसआईआर प्रक्रिया के दौरान जमा सभी फार्म-7 को तत्काल निरस्त करने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि औरैया, प्रयागराज, मऊ, मथुरा, सोनभद्र, फतेहपुर, बस्ती, वाराणसी, इटावा, झांसी, अलीगढ़, फर्रुखाबाद, मुरादाबाद, कानपुर, रामपुर, बलिया सहित अनेक जनपदों में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा बड़ी संख्या में फार्म-7 भरकर बीएलओ के पास जमा कराए गए हैं। आरोप है कि इन फार्मों में समाजवादी पार्टी समर्थक मतदाताओं विशेषकर मुस्लिम समुदाय और पीडीए वर्ग के नाम और ईपिक नंबर प्रिंट कराकर वैध मतदाताओं के नाम कटवाने का दबाव बनाया जा रहा है।

सपा ने कई स्थानों का हवाला देते हुए कहा कि कई स्थानों पर "नो-मैपिंग" नोटिस देकर दस्तावेज प्रस्तुत करने के बावजूद सुनवाई अधिकारियों ने नियमों के विपरीत निर्णय लिए। पार्टी का दावा है कि कई बूथों पर एक ही व्यक्ति द्वारा बल्क में फार्म-7 जमा किए गए, फर्जी हस्ताक्षर पाए गए, और भारत निर्वाचन आयोग के नियमों जैसे एक दिन में सीमित फार्म जमा करने की सीमा का उल्लंघन हुआ।

पार्टी ने मांग की है कि एसआईआर प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए अब तक प्राप्त सभी फार्म-7 तत्काल निरस्त किए जाएं, फर्जी आवेदन और हस्ताक्षर करने वालों पर एफआईआर दर्ज हो, तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित