लखनऊ , जनवरी 12 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के दूसरे चरण में पार्टी के सभी लोग बूथ स्तर पर मजबूती से कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से बाहर न रहे।
श्री यादव ने कहा कि प्रदेश में नए वोट बनाए जा रहे हैं, ऐसे में छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाना पार्टी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे मतदाता सूची पर लगातार नजर रखें और फार्म-6 भरवाकर नए मतदाताओं का नाम सूची में शामिल कराएं। उन्होंने कहा कि चुनावी प्रक्रिया में किसी भी तरह की लापरवाही भविष्य में नुकसान पहुंचा सकती है, इसलिए हर बूथ पर सतर्कता जरूरी है।
इस मौके पर अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति का आधार बेईमानी, लूट और जनता को गुमराह करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी आदतों से बाज नहीं आ रही है और लोगों को भ्रमित करने का कोई मौका नहीं छोड़ रही है।
सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था चरमराई हुई है, स्वास्थ्य और शिक्षा की स्थिति लगातार बिगड़ रही है और महिला अपराध व साइबर क्राइम के मामलों में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित