हैदराबाद , अक्टूबर 07 -- ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) के तेलंगाना प्रदेश अध्यक्ष कासीरेड्डी मणिकांता रेड्डी ने बुधवार को आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से योग्य मतदाताओं को हटाना लोकतंत्र पर हमला है तथा इसे तुरंत रद्द किया जाना चाहिए।
श्री रेड्डी ने एआईएसएफ हैदराबाद जिला परिषद द्वारा बशीरबाग से निजाम महाविद्यालय तक आयोजित विरोध रैली को संबोधित करते हुए कहा कि मतदाता सूची से लाखों योग्य मतदाताओं के नाम अवैध रूप से हटा दिये गये हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को गिरफ्तार करने की मांग की।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मतदाताओं को निशाना बनाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने दावा किया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत लगभग 13 करोड़ नाम हटा दिये गये हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त पर एकतरफा फैसले लेने और फॉर्म-6 में बदलाव को लेकर उच्चतम न्यायालय को गुमराह करने का भी आरोप लगाया।
श्री रेड्डी ने छात्रों और युवाओं से मताधिकार और लोकतंत्र की रक्षा के लिए आंदोलन शुरू करने का आह्वान किया तथा कथित तौर पर हटाये गये सभी मतदाताओं के नाम फिर से जोड़ने की मांग की।
विरोध प्रदर्शन में एआईएसएफ नेता श्री लेनिन, श्री अनिल, श्री चैतन्य यादव, श्री रघु, श्री जोसेफ भानु, श्री अरुण, श्री सुशांत और अन्य शामिल हुए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित