पौड़ी , अगस्त 23 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में पुनरीक्षण कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। पात्र मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर आवश्यक जानकारी एवं दस्तावेज जुटा रहे हैं।

एसआईआर के प्रथम चरण में टेबल टॉक के माध्यम से वर्ष 2003 से 2025 तक के मतदाता विवरण का मिलान किया गया। दूसरे चरण में बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाए। वहीं तीसरे चरण में नाम अथवा विवरण में विसंगतियां पाए जाने वाले मतदाताओं के निराकरण के लिए नोटिस जारी किए गए।

रविवार को बीएलओ ललिता रावत ने बताया कि एसआईआर की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, जबकि बीएलओ रिंकी रावत ने बताया कि कार्य शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से चल रहा है। अपूर्ण दस्तावेज वाले मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज पूरे करवाए जा रहे हैं, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया में किसी प्रकार की समस्या न हो।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा एसआईआर कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्रत्येक सप्ताह बैठक कर प्रगति की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा पाने वाले मतदाताओं को दस्तावेज प्रस्तुत करने का दूसरा अवसर दिया जा रहा है।

सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) अपने-अपने क्षेत्रों में एसआईआर से संबंधित कार्यों को पूरा कर रहे हैं। साथ ही नो-मैपिंग वाले मामलों की भी समीक्षा की जा रही है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि एसआईआर प्रपत्रों का निस्तारण निर्धारित प्रारूप, आवश्यक सत्यापन और गुणवत्ता के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में केवल संख्या बढ़ाने के बजाय प्रत्येक प्रपत्र की शुद्धता और निर्धारित प्रक्रिया के सही अनुपालन पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि पात्र मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए पूरी प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर से जुड़े कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि पुनरीक्षण कार्य व्यवस्थित और प्रभावी रूप से संपन्न हो सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित