मुंबई , सितंबर 18 -- बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने आश्वसन दिया है कि महिला और पुरुष दोनों ही एशिया कप ट्रॉफ़ी बीसीसीआई के मुंबई स्थित मुख्यालय तक पहुंच जाएंगी।
पिछले सप्ताह भारतीय महिला खिलाड़ियों ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नक़वी के हाथ से विजेता के मेडल और एशिया कप की ट्रॉफ़ी लेने से इंकार कर दिया था। नक़वी पीसीबी के अध्यक्ष और पाकिस्तान के इंटीरियर मिनिस्टर भी हैं। ऐसी ही घटना पिछले साल सितंबर में दुबई में पुरुष एशिया कप फ़ाइनल के बाद भी हुई थी।
ऐसी ही स्थिति इस समय जारी एशियन गेम्स के दौरान भी देखने को भी मिल सकती है जो कि एसीसी के अंतर्गत ही खेली जाती है और भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमों के स्वर्ण पदक के लिए निर्णायक मुक़ाबला खेलने की उम्मीद है।
शुक्रवार को मुंबई में हुई बीसीसीआई की 95वीं आम वार्षिक बैठक के बाद सैकिया ने कहा, "एशिया कप ट्रॉफ़ी को लेकर हमें उम्मीद है कि यह एक दिन यहां ज़रूर पहुंचेंगी। मैं आपको एक तय अवधि नहीं बता सकता लेकिन मैं आपको यह आश्वासन ज़रूर दे सकता हूं कि यह ट्रॉफ़ी आएंगी और मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम स्थित बीसीसीआई के मुख्यालय में पहुंचेंगी।"सैकिया की टिप्पणी ऐसे समय सामने आई है जब एसीसी अध्यक्ष के रूप में नक़वी का कार्यकाल अपनी समाप्ति की ओर है। उनका कार्यकाल अप्रैल 2027 में समाप्त होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित