जालंधर , अक्टूबर 22 -- पंजाब में जालंधर में एशियाई हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 के आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

हॉकी इंडिया के उपाध्यक्ष एवं पंजाब हॉकी के अध्यक्ष नितिन कोहली और खेल एवं युवा सेवाएं विभाग के प्रशासनिक सचिव वरुण रूजम ने गुरुवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने घोषणा की कि दर्शक टूर्नामेंट के मैचों का आनंद मुफ्त में ले सकेंगे।

नितिन कोहली ने बताया कि टूर्नामेंट में भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, बांग्लादेश और मलेशिया सहित एशिया की छह शीर्ष टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। मैच जालंधर और मोहाली में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह 27 अक्टूबर को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान करेंगे, जबकि फाइनल मुकाबला 5 नवंबर को मोहाली में होगा।

अधिकारियों ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार जालंधर में इस स्तर की अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। वे ऑनलाइन डिजिटल पास प्राप्त कर सकते हैं या स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर पंजीकरण करवा सकते हैं।

नितिन कोहली और वरुण रूजम ने शहरवासियों, विद्यार्थियों और खेल प्रेमियों से परिवार सहित मैच देखने आने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को खेलते हुए देखने का अवसर देने से उनमें खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और युवा पीढ़ी को खेल अपनाने की प्रेरणा मिलेगी।

इस अवसर पर खेल निदेशक अभिजीत कपलिश और अतिरिक्त उपायुक्त अमनिंदर कौर बराड़ सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित