आइची-नागोया (जापान) , अक्टूबर 19 -- भारत ने सोमवार को एशियाई पैरा गेम्स अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए निशानेबाजी, पैरा-एथलेटिक्स, जूडो और तैराकी में चार स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य सहित कुल 11 पदक जीते। दिन के अंत में भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहा। स्वर्ण पदक जीतने वालों में निशानेबाज मोना अग्रवाल और लॉन्ग जम्पर निषाद कुमार जैसे प्रमुख नाम शामिल रहे।

बिना हाथों वाली तीरंदाज शीतल देवी ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने महिलाओं के कंपाउंड क्वालिफिकेशन राउंड में विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की, और फिर राकेश कुमार के साथ मिलकर मिश्रित टीम स्पर्धा में एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। वहीं, भारतीय टेबल टेनिस और बैडमिंटन खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी प्रतियोगिताओं के सेमीफाइनल में पहुंचकर देश के लिए और पदक पक्के कर लिए हैं।

मोना अग्रवाल ने निशानेबाजी में जीता स्वर्ण पदक। मोना ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल एसएच1 फाइनल में शानदार वापसी करते हुए अपनी ही देश की अवनि लेखरा को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

पेरिस 2024 पैरालंपिक्स में कांस्य पदक जीतने वालीं मोना छठे स्थान से ऊपर उठते हुए 250.0 पॉइंट्स के साथ एशियन पैरा गेम्स का नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने दो बार की पैरालंपिक चैंपियन अवनि को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 249.6 पॉइंट्स हासिल किए।

डिफेंडिंग चैंपियन, 24 वर्षीय अवनि को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। मोना की इस जीत से भारत को 2028 लॉस एंजिल्स पैरालंपिक्स के लिए दूसरा कोटा स्थान भी मिल गया है। इससे पहले, पिछले महीने दक्षिण कोरिया के चांगवोन में आयोजित 'वर्ल्ड शूटिंग पैरा स्पोर्ट चैंपियनशिप' में रजत पदक जीतकर उन्होंने भारत के लिए एक कोटा स्थान हासिल किया था।

मोना ने 629.1 अंकों के साथ 8 शूटर्स के क्वालिफिकेशन राउंड में टॉप किया और एशियन पैरा गेम्स का एक और रिकॉर्ड बनाया, जबकि अवनि 626.4 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं।

निषाद, सौम्या और रिंकू ने पैरा-एथलेटिक्स में शानदार प्रदर्शन किया।

पैरा-एथलेटिक्स में भारत के लिए शाम काफी सफल रही, जिसमें निषाद कुमार, सौम्या कुमार और रिंकू हुड्डा ने अपने-अपने इवेंट्स में स्वर्ण पदक जीते। हाई जंप टी47 में दो बार पैरालंपिक रजत पदक जीत चुके निषाद ने लॉन्ग जंप में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया और 7.11 मीटर की दूरी तय करके स्वर्ण पदक हासिल किया। हिमाचल प्रदेश के रहने वाले इस एथलीट का दाहिना हाथ छह साल की उम्र में घास काटने वाली मशीन के साथ हुए एक हादसे में कट गया था।

सौम्या ने महिलाओं की 1500 मीटर टी12/टी13 स्पर्धा में 5:12.39 सेकंड के अपने अब तक के सबसे बेहतरीन समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। इसी स्पर्धा में भारत की ही राधा वेंकटेश ने, अपने गाइड गोविंद सोलंकी के साथ दौड़ते हुए, 5:30.90 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया।

महिलाओं की 1500 मीटर टी11 स्पर्धा में, रवाणी वलसानैनी को कांस्य पदक दिया गया। असल में तीसरे स्थान पर रहने वाली रक्षिता राजू को एक तकनीकी नियम के उल्लंघन के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया था।

पुरुषों की जैवलिन थ्रो (भाला फेंक) F46 स्पर्धा में भी भारत ने पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। रिंकू ने 65.11 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण पदक जीता, जो इस सीजन का उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। अजीत सिंह 65.02 मीटर की दूरी के साथ दूसरे स्थान पर रहे और रजत पदक जीता; यह भी उनका इस सीजन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। इंडोनेशिया के आर. सकत्योनो ने 55.30 मीटर के साथ कांस्य पदक जीता।

एफ 46 क्लासिफिकेशन में वे एथलीट आते हैं जिनके ऊपरी अंगों (हाथों) में कुछ खास तरह की शारीरिक अक्षमताएं होती हैं, जैसे कि कोहनी के ऊपर या नीचे से हाथ का न होना, या इसी तरह की कोई अन्य अक्षमता।

जुडोका और तैराक ने पदक तालिका में और इजाफा किया।

भारत के दृष्टिबाधित जुडोकाओं ने दो और पदक दिलाए। कोकिला ने महिलाओं की जे2 -52 किग्रा कैटेगरी में रजत पदक जीता, जबकि कपिल परमार ने पुरुषों की जे1 -70 किग्रा स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। कोकिला, जिन्होंने हांगझू में पिछले एशियाई पैरा खेलों में कांस्य पदक जीता था, फाइनल में किर्गिस्तान की ऐबिके उलानबेक किज़ी से हार गईं।

पिछले खेलों में रजत पदक जीतने वाले कपिल, सेमीफाइनल में इंडोनेशिया के जुनैदी से 0-1 से हारने के बाद फाइनल में जगह नहीं बना सके। हालांकि, उन्होंने कांस्य पदक के प्लेऑफ में वापसी की और इंडोनेशिया के ही एक अन्य खिलाड़ी, अहनाफ राफली शिदकी को 1-0 से हराकर पदक अपने नाम किया।

भारत के रवि कार्तिक बुडिगिना ने पुरुषों की 100 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 स्पर्धा में 56.68 सेकंड का समय निकालकर रजत पदक जीता। एस13 क्लासिफिकेशन उन तैराकों के लिए है जिनकी दृष्टि क्षमता में अपेक्षाकृत कम कमी होती है।

टेबल टेनिस और बैडमिंटन में और पदकों की उम्मीद पक्कीप्राची पांडे, सोनलबेन और भाविना पटेल के सेमीफाइनल में पहुंचने के बाद, भारत की टेबल टेनिस टीम ने तीन अलग-अलग वर्गों में देश के लिए पदक पक्के कर लिए हैं। प्राची ने महिलाओं की क्लास 6 स्पर्धा में थाईलैंड की कानोकपोर्न फाथुमचाई को 11-5, 11-4, 11-13, 12-10 से हराया और इस वर्ग में भारत के लिए पैरा एशियाई खेलों का पहला पदक पक्का किया।

सोनलबेन ने महिलाओं की क्लास 3 के क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड की दारारात असायुत को 3-1 (11-7, 8-11, 11-5, 11-5) से हराया, जबकि पैरालंपिक रजत पदक विजेता भाविना ने क्लास 4-5 स्पर्धा में चीन की झांग मियाओ को 3-1 (8-11, 11-6, 11-1, 11-6) से मात दी।

इसके अलावा, पैरा-बैडमिंटन में भी भारत का एक पदक पक्का हो गया है। नितेश कुमार और थुलसिमथी मुरुगेसन ने एसएल3-एसयू5 वर्ग के ग्रुप बी में बिना कोई मैच हारे शीर्ष स्थान हासिल किया और सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इचिनोमिया सिटी म्युनिसिपल जिम्नेजियम में, भारतीय जोड़ी को अपने शुरुआती मैच में चीन के यांग जियानयुआन और यांग किउक्सिया के खिलाफ वॉकओवर मिला। इसके बाद उन्होंने चीन के ही चेन पेंगफेई और हुआंग ज़िक्सुआन को 23 मिनट में 21-4, 21-18 से हरा दिया।

पेरिस पैरालंपिक चैंपियन नितेश ने भी अपने पुरुष एकल एसएल3 ग्रुप ए मैच में दक्षिण कोरिया के जू डोंगजे को 21-13, 21-15 से हराया। पुरुष एकल एसयू5 ग्रुप सी इवेंट में, रुथिक रघुपति ने थाईलैंड के सोमसिरी प्रिचा को 21-12, 21-12 से हराकर भारत की जीत का सिलसिला जारी रखा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित