पटना , अक्टूबर 04 -- बिहार के पैरा तैराक शम्स आलम का चयन जापान में 18 से 24 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले एशियाई पैरा खेल-2026 के लिए भारतीय दल में किया गया है।

वह लगातार तीसरी बार इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। बिहार से लगातार तीन बार एशियाई पैरा खेलों के लिए चयनित होने वाले वह पहले पैरा तैराक हैं।

श्री आलम ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने बिहार सरकार के प्रति विशेष आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से खिलाड़ियों को मिल रहे सहयोग और प्रोत्साहन ने उनके खेल जीवन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

शम्स आलम का राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन रहा है। वर्ष 2018 में आयोजित भारतीय खुली पैरा तैराकी प्रतियोगिता में उन्होंने चार स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। इससे पहले वर्ष 2016 में कनाडा के क्यूबेक प्रांत के गैटिन्यू में आयोजित कैन-एम पैरा तैराकी प्रतियोगिता में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया था।

श्री आलम ने वर्ष 2018 में इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित एशियाई पैरा खेलों तथा वर्ष 2022 में पुर्तगाल के मदीरा में आयोजित विश्व पैरा तैराकी चैंपियनशिप में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है।

खेल के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए तीन दिसंबर 2021 को भारत के राष्ट्रपति ने उन्हें दिव्यांग श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी पुरस्कार से सम्मानित किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित