चंडीगढ़ , अक्टूबर 23 -- पंजाब में 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक होने वाली एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लेने के लिए जापान की 18 सदस्यीय पुरुष हॉकी टीम शुक्रवार को शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, मोहाली पहुंची।

खेल विभाग के अधिकारियों ने टीम का भांगड़े, पारंपरिक मालाओं और पंजाबी अंदाज में स्वागत किया। गर्मजोशी से हुए स्वागत से जापानी खिलाड़ी काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने मेजबानों का आभार जताया और हॉकी के दिग्गज खिलाड़ियों की धरती पंजाब में खेलने को लेकर खुशी जाहिर की।

जापान की टीम में कप्तान फुजीशिमा राइकी और गोलकीपर कुरोदा किशो तथा कितागावा ताकुमी सहित 18 खिलाड़ी शामिल हैं। प्रतियोगिता के दौरान टीम के ठहरने, अभ्यास और आवागमन के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।

पंजाब में पहली बार आयोजित हो रही इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में मेजबान भारत के अलावा जापान, दक्षिण कोरिया, चीन, मलेशिया और बंगलादेश की टीमें हिस्सा लेंगी। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 27 अक्टूबर को जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि फाइनल पांच नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर हॉकी स्टेडियम में होगा।

राज्य सरकार ने सभी भाग लेने वाली टीमों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं, सुरक्षा और बेहतर आतिथ्य उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है। सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के प्रयासों से पंजाब को इस अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित