चंडीगढ़ , अक्टूबर 04 -- भारतीय हॉकी कप्तान हरमनप्रीत सिंह के पिता सरबजीत सिंह ने राष्ट्रीय टीम के एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने को सामूहिक प्रयास बताते हुए कहा कि यह कामयाबी पूरी टीम की है, न कि किसी एक खिलाड़ी की।

भारत ने जापान में हुए फाइनल में मलेशिया को 5-1 से हराकर पुरुषों का हॉकी खिताब अपने नाम किया और 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए सीधे जगह पक्की की। हरमनप्रीत ने दो गोल करके टीम की अगुवाई की, जिसमें पेनल्टी कॉर्नर से किया गया भारत का पहला गोल भी शामिल था।

इस जीत के साथ भारतीय हॉकी के लिए एक ऐतिहासिक 'डबल' पूरा हुआ, क्योंकि एक दिन पहले ही महिला टीम ने चीन को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक था। यह पहली बार था जब भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने एक ही एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता।

सरबजीत सिंह ने हरमनप्रीत के मशहूर निकनेम का जिक्र करते हुए कहा, "यह केवल 'सरपंच' की जीत नहीं है, यह पूरी टीम की जीत है। हॉकी एक टीम गेम है। सभी खिलाड़ी मेरे अपने बच्चों की तरह हैं और इस कामयाबी में हर किसी का योगदान है।"अमृतसर के पास एक किसान परिवार से आने वाले सरबजीत ने कहा कि अपने बेटे को गाँव के बैकग्राउंड से निकलकर भारत का कप्तान बनते देखना बहुत गर्व की बात है।

उन्होंने कहा, "हम गांव के एक किसान परिवार से आने वाले आम लोग हैं। हमारे लिए यह बहुत बड़ी बात है कि इसी मिट्टी का एक बच्चा इस स्तर तक पहुँचा है और देश की अगुवाई कर रहा है।"उन्होंने भारतीय महिला टीम पर भी गर्व जताया और कहा कि दोनों टीमों के स्वर्ण पदक जीतने और लॉस एंजिल्स ओलंपिक के लिए क्वालिफ़ाई करने से यह कामयाबी और भी खास हो गई है। सरबजीत ने हरमनप्रीत के सफ़र का श्रेय अपने परिवार की आस्था को दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित