आइची- नागोया (जापान) , अक्टूबर 03 -- ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) ने शनिवार को बताया कि एशियाई खेलों में प्रतियोगिता के दौरान जांच नमूने में कई प्रतिबंधित पदार्थो के अंश पाए जाने के बाद भारतीय कुराश एथलीट यश कुमार चौहान को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।
अंतरराष्ट्रीय जांच एजेंसी (आईटीए) ने ओसीए की ओर से जांच की थी। एजेंसी के अनुसार, 24 वर्षीय भारतीय एथलीट के सैंपल (जो 27 सितंबर को नागोया में लिया गया था) में मेटैंडिएनोन और जीडब्ल्यू 1516 के मेटाबोलाइट्स के साथ-साथ मेफेनटरमाइन और उसके मेटाबोलाइट्स भी पाए गए।
इस मामले के कारण वर्ल्ड एंटी-डोपिंग कोड और ओसीए एंटी-डोपिंग नियमों के तहत चौहान को तुरंत अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया है।
ओसीए ने कहा कि निलंबन के कारण चौहान एशियाई खेलों के दौरान किसी भी प्रतियोगिता, ट्रेनिंग, कोचिंग या अन्य गतिविधि में हिस्सा नहीं ले सकते हैं। यह रोक मामले के समाधान होने तक लागू रहेगी।
वाडा के नियमों के तहत मेटैंडिएनोन (एक एनाबॉलिक एंड्रोजेनिक स्टेरॉयड) और जीडब्ल्यू1516 (एक मेटाबोलिक मॉड्यूलेटर) पर हर समय प्रतिबंध है। मेफेनटरमाइन एक नॉन-स्पेसिफाइड स्टिमुलेंट है, जिस पर प्रतियोगिता के दौरान प्रतिबंध होता है।
चौहान को 'कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट' के एंटी-डोपिंग डिवीजन के सामने इस अस्थायी निलंबन को चुनौती देने का अधिकार है। साथ ही, वह बी-सैंपल की जांच का अनुरोध भी कर सकते हैं।
ओसीए ने कहा कि जब तक एंटी-डोपिंग प्रक्रिया चल रही है, तब तक इस मामले पर कोई और टिप्पणी नहीं की जाएगी।
चौहान ने पुरुषों की 90 किग्रा कुराश कैटेगरी में हिस्सा लिया था। 27 सितंबर को राउंड ऑफ 16 में उन्हें ताजिकिस्तान के मिरमामादोव शकरमामाद से हार का सामना करना पड़ा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित