जयपुर , जुलाई 18 -- आगामी तीसरी एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप-2027 के प्रचार-प्रसार और दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को यहां से झंझुनूं जिले में स्थित सिंघानिया विश्वविद्यालय पचेरी तक मोटरसाइकिल जागरूकता रैली निकाली गयी।
राज्य के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन की अध्यक्ष निर्मला रावत तथा सिंघानिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार के साथ सुबह रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
आयोजन समिति से जुड़े एडवोकेट ललित शर्मा ने बताया कि रैली में करीब 100 दिव्यांग पैरा थ्रोबॉल खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह रैली उस स्थल तक पहुंची जहां अगले वर्ष मार्च में सिंघानिया विश्वविद्यालय पचेरी में तीसरी एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप आयोजित की जायेगी। रैली का उद्देश्य पैरा खेलों को बढ़ावा देना, दिव्यांग खिलाड़ियों की प्रतिभा को सम्मान दिलाना तथा समाज में समावेशिता और समान अवसर का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर श्री रावत ने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ी किसी भी दृष्टि से कम नहीं हैं। उन्हें केवल उचित मंच और अवसर की आवश्यकता है। राज्य सरकार खेलों और दिव्यांग खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सिंघानिया विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाली एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप राजस्थान के लिए गौरव का विषय होगी और इससे प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नयी पहचान मिलेगी। उन्होंने विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन और सिंघानिया विश्वविद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक सोच और समानता की भावना को मजबूत करते हैं।
विश्व पैरा थ्रोबॉल फेडरेशन की अध्यक्ष निर्मला रावत ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए खिलाड़ियों के उत्साह और समर्पण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह रैली केवल खेलों के प्रचार का माध्यम नहीं बल्कि दिव्यांगजनों के आत्मविश्वास, सम्मान और सशक्तिकरण का अभियान भी है।
सिंघानिया विश्वविद्यालय के अध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि मलेशिया में आयोजित पिछली एशियन पैरा थ्रोबॉल चैंपियनशिप से प्राप्त ध्वज अब भारत पहुंच चुका है और आगामी मार्च में होने वाली प्रतियोगिता के लिए सभी तैयारियां शुरू कर दी गयी हैं।
उन्होंने देश-विदेश के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को सिंघानिया विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने और इसका साक्षी बनने का आमंत्रण दिया। रैली में पूर्व पुलिस महानिदेशक (एसीबी) बी एल सोनी, दिव्यांगजन निदेशालय के उपनिदेशक भगवान सहाय सहित अनेक गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित