मुंबई , जुलाई 29 -- पेंट बनाने वाली दिग्गज कंपनी एशियन पेंट्स को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में समेकित आधार पर 1,539 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो एक साल पहले की तुलना में 40 प्रतिशत अधिक है।

कंपनी के निदेशक मंडल की बुधवार को हुई बैठक में वित्तीय परिणामों को मंजूरी दी गयी। इसके अनुसार, अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी की कुल बिक्री 18 प्रतिशत बढ़कर 10,521 करोड़ रुपये हो गयी। उसका परिचालन लाभ 2,169 करोड़ रुपये दर्ज किया गया जो 34 प्रतिशत अधिक है।

मुनाफा बढ़ने का मुख्य कारण पश्चिम एशिया संकट के कारण तैयार माल की इनवेंटरी के दाम बढ़ना रहा। इससे कंपनी को 598 करोड़ रुपये का फायदा हुआ जबकि पिछले वित्त वर्ष की पहली तिमाही में इस मद में 201 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। हालांकि कच्चे माल की लागत भी 4,004 करोड़ रुपये से बढ़कर 5,449 करोड़ रुपये पर पहुंच गयी।

कंपनी की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मिस्र, संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, नेपाल और बांग्लादेश में अच्छे प्रदर्शन के कारण उसका अंतरराष्ट्रीय कारोबार 27 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 937 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। स्थिर मुद्रा के आधार पर विदेश में बिक्री में 20 प्रतिशत का उछाल आया जबकि कर पूर्व लाभ में 95 प्रतिशत का जबरदस्त उछाल देखा गया और यह 74 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

एशियन पेंट्स के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित सिंगले ने कहा कि अनिश्चितता भरे माहौल के बीच कंपनी का प्रदर्शन उसकी नवाचार आधारित रणनीति, उपभोक्ताओं के साथ गहरा जुड़ाव और बाजार में मजबूत पकड़ को प्रतिबिंबित करता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित