मोहाली , सितंबर 14 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक होने वाली बहुप्रतीक्षित पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 की सोमवार को आधिकारिक घोषणा की।
इस टूर्नामेंट की संयुक्त मेजबानी मोहाली और जालंधर करेंगे। मैच मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम और जालंधर के ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। जालंधर में उद्घाटन समारोह और 27 अक्टूबर से 2 नवंबर तक सभी लीग-स्टेज मैच आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद टूर्नामेंट मोहाली में होगा, जहां चार नवंबर को सेमीफाइनल और पांच नवंबर को फाइनल मैच खेले जाएंगे।
मुख्यमंत्री मान ने कहा, "ऐतिहासिक पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 पंजाब के लिए केवल एक हॉकी टूर्नामेंट नहीं है; यह उस खेल की भावनात्मक वापसी है, जिसने भारतीय हॉकी के कई नायकों की पीढ़ियों को तैयार किया है। पहली बार, पंजाब अपनी धरती पर इतने बड़े स्तर के अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। पंजाब सरकार इसे भारत और दुनिया भर के खिलाड़ियों, दर्शकों और हॉकी प्रेमियों के लिए एक यादगार खेल आयोजन बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।"इस अवसर पर हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह, महानिदेशक कमांडर आरके श्रीवास्तव, कार्यकारी बोर्ड के सदस्य आरपी सिंह और हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली भी मौजूद थे। इस टूर्नामेंट में महाद्वीप के शीर्ष हॉकी देश हिस्सा लेंगे, जिनमें भारत, पाकिस्तान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, चीन और जापान शामिल हैं। ओमान और बंगलादेश रिजर्व टीमें हैं।
पुरुष एशियन चैंपियंस ट्रॉफी एशियाई हॉकी महासंघ के कैलेंडर के प्रमुख आयोजनों में से एक है और यह महाद्वीप की अग्रणी टीमों को उच्च-स्तरीय प्रतिस्पर्धा का मंच प्रदान करती है। 2026 संस्करण से पूरे भारत और एशिया के हॉकी प्रशंसकों का ध्यान आकर्षित करने की उम्मीद है, साथ ही यह पंजाब की समृद्ध हॉकी विरासत और खेल में इसके योगदान को भी प्रदर्शित करेगा। यह टूर्नामेंट हॉकी के दो मशहूर स्टेडियमों में खेला जाएगा। इससे पंजाब के महान हॉकी खिलाड़ियों की विरासत का जश्न मनाने और भारत के प्रमुख हॉकी हब के तौर पर राज्य की स्थिति को और मजबूत करने का मौका भी मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित