रायपुर , सितंबर 26 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य एवं कोरबा निवासी संजू देवी को फोन पर बधाई दी और उनके प्रदर्शन की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने संजू देवी से बातचीत में कहा कि उनकी उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है। उन्होंने कहा, "आपने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और शानदार प्रदर्शन से न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। एशियन गेम्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व का क्षण है।"श्री साय ने कहा कि संजू देवी की इस उपलब्धि में भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष गौरव की बात है। उनकी सफलता छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ियों, विशेषकर खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रही बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। प्रयास है कि गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को उचित मंच मिले और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करें।

उल्लेखनीय है कि जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को पराजित कर स्वर्ण पदक जीता है। भारतीय टीम की इस सफलता में कोरबा की संजू देवी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

श्री साय ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित