रांची , सितंबर 30 -- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और आर्चरी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अर्जुन मुंडा ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स में भारतीय तीरंदाजों के शानदार प्रदर्शन पर आज खुशी जताई और भारतीय कंपाउंड आर्चरी टीमों के ऐतिहासिक प्रदर्शन को पूरे देश के लिए गर्व का क्षण बताया।

श्री मुंडा ने बुधवार को रांची स्थित अपने आवास पर संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारतीय कंपाउंड आर्चरी टीमों ने तीनों टीम इवेंट में स्वर्ण पदक जीतकर ऐतिहासिक गोल्डन क्लीन स्वीप किया है। भारत की महिला कंपाउंड टीम ने फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए 238 अंक बनाए और विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए चीन को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

वहीं, कंपाउंड मिक्स्ड भारतीय टीम ने बेहद रोमांचक और दबावपूर्ण शूट-ऑफ में शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारत ने स्वर्ण पदक हासिल करने के अलावा 2028 में आयोजित होने वाले ओलंपिक के लिए कंपाउंड आर्चरी में अपना पहला ओलंपिक कोटा हासिल कर इतिहास रचा। पुरुष कंपाउंड टीम ने भी बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता और तीनों टीम इवेंट में भारत के स्वर्ण पदकों के क्लीन स्वीप को पूरा किया।

श्री मुंडा ने कहा कि यह उपलब्धि इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत ने लगातार दूसरे एशियन गेम्स में कंपाउंड टीम इवेंट के तीनों स्वर्ण पदक अपने नाम किए हैं। इससे विश्व मंच पर भारतीय तीरंदाजी की मजबूती और निरंतरता एक बार फिर साबित हुई है।

उन्होंने कहा कि ये सिर्फ तीन स्वर्ण पदक नहीं हैं, बल्कि खिलाड़ियों की वर्षों की मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और देश के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के संकल्प का परिणाम हैं। यह सफलता विश्व मंच पर भारतीय तीरंदाजी की बढ़ती ताकत और 2028 के ओलंपिक की दिशा में भारत के मजबूत कदम का प्रतीक है।

श्री मुंडा ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, सपोर्ट स्टाफ और पूरे भारतीय तीरंदाजी परिवार को इस स्वर्णिम उपलब्धि के लिए बधाई दी और आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित