रांची , अक्टूबर 02 -- टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डी.बी. सुंदरा रामम ने कहा कि यह टाटा स्टील और झारखंड के टाटा आर्चरी अकादमी से जुड़े सभी लोगों के लिए गर्व का क्षण है।
श्री रामम ने कहा कि अंकिता ने कीर्ति शर्मा और कुमकुम मोहोद के साथ मिलकर एशियन गेम्स में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय तीरंदाजी के लिए उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
भारतीय महिला रिकर्व तीरंदाजी टीम की स्वर्ण पदक विजेता अंकिता भकत का पदक तक पहुंचने का सफर दीर्घकालिक खिलाड़ी विकास, समर्पित प्रशिक्षण, निरंतर अभ्यास और मजबूत खेल इकोसिस्टम के महत्व को दर्शाता है।
अंकिता ने ऐतिहासिक उपलब्धि के बाद कहा कि महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में भारत के लिए पहली बार एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक जीतना उनके और पूरी टीम के लिए बेहद खास पल है। उन्होंने कहा कि कोरिया के खिलाफ मुकाबले में हर तीर पर ध्यान केंद्रित रखना और एक-दूसरे पर भरोसा करना बेहद जरूरी था।
श्री रामम ने अपने कोच, टीम की साथियों, परिवार और इस पूरे सफर में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार जताया। अंकिता ने कहा कि एक तीरंदाज के रूप में उनके विकास में टाटा आर्चरी अकादमी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पदक देश के कई युवा तीरंदाजों को बड़े सपने देखने और भारत के लिए इतिहास रचने का विश्वास देगा।
अंकिता ने इस ऐतिहासिक जीत को अपने परिवार, कोच, सपोर्ट स्टाफ और पूरे देश को समर्पित किया।
श्री रामम ने कहा कि वर्ष 2014 में अकादमी से जुड़ी एक युवा खिलाड़ी से लेकर एशियन गेम्स के पोडियम पर शीर्ष स्थान हासिल करने तक अंकिता का सफर उनकी दृढ़ता, अनुशासन और प्रतिबद्धता का प्रमाण है। इसमें उनके कोचों के निरंतर प्रयास और मजबूत सपोर्ट सिस्टम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
टाटा स्टील ने अंकिता भकत, कीर्ति शर्मा और कुमकुम मोहोद को उनकी ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी और आइची-नागोया 2026 एशियन गेम्स में भारतीय तीरंदाजी दल की निरंतर सफलता की कामना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित