पटना , जून 02 -- हॉन्गकॉन्ग में आयोजित एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 4x400 मीटर रिले दौड़ में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के अहम सदस्य पीयूष राज का पटना लौटने पर भव्य स्वागत किया गया। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अंगवस्त्र और फूल-माला देकर पीयूष का स्वागत किया।
इस अवसर पर श्री शंकरण ने कहा कि पीयूष बिहार के पहले खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पदक जीतकर राज्य के खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे बिहार के लिए गर्व का विषय है और इससे राज्य के अन्य खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी।उन्होंने बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी पीयूष को उनकी ऐतिहासिक सफलता के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि पीयूष आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बिहार के ब्रांड एंबेसडर के रूप में उभरे हैं।
अपने स्वागत से अभिभूत पीयूष राज ने अपनी सफलता का श्रेय कठिन परिश्रम, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन, बिहार सरकार की खेल नीतियों, खेल विभाग तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के निरंतर सहयोग को दिया। उन्होंने विशेष रूप से रवीन्द्रण शंकरण के प्रोत्साहन और सहयोग का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्हें शुरुआत से ही उनका मार्गदर्शन मिलता रहा है।
पीयूष ने कहा कि वह भविष्य में और अधिक मेहनत कर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करते हुए बिहार और देश का नाम रोशन करना चाहते हैं।
इस अवसर पर बिहार एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव लियाकत अली सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल अधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित