नयी दिल्ली , जून 16 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी स्लाेवाकिया की यात्रा पूरी होने के बाद जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार को फ्रांस के शहर एवियन के लिए रवाना होने के बाद कुछ देर के लिए स्विटजरलैंड के जिनेवा में रूके और हवाई अड्डे पर स्विटजरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन के साथ मुलाकात की।
श्री मोदी ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात की जानकारी देते हुए एक पोस्ट में कहा , " कुछ देर पहले जिनेवा पहुंचा, जहां से मैं जी-7 समिट के लिए एवियन जाऊंगा। एयरपोर्ट पर स्विटजरलैंड के राष्ट्रपति श्री गाइ पार्मेलिन से मुलाकात हुई। उनके साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई।"इससे पहले विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने भी सोशल मीडिया पर बताया कि श्री मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए एवियन जाते समय जिनेवा में रूके जहां स्विट्जरलैंड के राष्ट्रपति गाइ पार्मेलिन ने उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन किया और भारत-स्विट्जरलैंड साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित