इंफाल , फरवरी 20 -- सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल एल निशिकांत सिंह को शुक्रवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री का सलाहकार (समन्वय) नियुक्त किया गया।

इसके साथ ही श्री ओ सुनील को मुख्यमंत्री का सलाहकार (मीडिया) नियुक्त किया गया है।

कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग ने जारी आदेश में कहा है कि 17 फरवरी को कैबिनेट के फैसले के बाद यह नियुक्ति की गयी है। श्री सिंह को 'जनहित में तत्काल प्रभाव से' एक वर्ष की अवधि के लिए मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया है।

श्री सिंह ने 'विश्वास एवं जिम्मेदारी' के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "यह साझा करते हुए मैं बहुत रोमांचित हूं कि मुझे मुख्यमंत्री का सलाहकार नियुक्त किया गया है। मैं प्रधानमंत्री के दृष्टिकोण के अनुसार राष्ट्र और राज्य की विकास एवं उन्नति में योगदान देने के लिए तत्पर हूं।"इससे पहले वह मणिपुर लोक सेवा आयोग का अध्यक्ष रह चुके हैं। श्री सिंह का जन्म 1958 में इंफाल के खॉमद्रम सेलुंगबा लेकाई थंगमेबंद में लैफराकपम थकेंद्रजीत सिंह और कानन देवी के यहां हुआ था। उन्होंने 1968 में पश्चिम बंगाल के पुरुलिया स्थित सैनिक स्कूल में पढ़ाई के लिए इंफाल छोड़ दिया था। 1975 में स्कूल की उच्च माध्यमिक परीक्षा में शीर्ष हासिल किया और उसी वर्ष एनडीए में शामिल हो गये। बीस वर्ष की आयु में उन्हें सेना में कमीशन मिला और वे 1979 में 'जम्मू एंड कश्मीर लाइट इन्फेंट्री' (जेएकेएलआई) रेजिमेंट की नवीं बटालियन में शामिल हो गये। सितंबर 2015 में वे मणिपुर के दूसरे लेफ्टिनेंट जनरल बने।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित