मुंबई , मई 14 -- निर्माण एवं अभियांत्रिकी क्षेत्र की कंपनी एलएंडटी ने नौसेना के लिए मानवरहित माइन काउंटर-मेजर (एमसीएम) स्वीट के निर्माण के लिए फ्रांस की कंपनी एग्जेल के साथ करार किया है।
नौसेना के माइन काउंटर-मेजर वेसेल (एमसीएमवी) कार्यक्रम के तहत एलएंडटी को इस प्रणाली के निर्माण का ठेका दिया गया है। इसमें स्वचालित और दूर बैठकर ऑपरेट किये जा सकने वाले सिस्टम होंगे जो समुद्र के भीतर बिछायी गयी बारूदी सुरंग का पता लगाकर विस्फोटक के बारे में जानकारी हासिल करेंगे और उन्हें नष्ट करेंगे।
भारतीय नौसेना के लिए बारूदी सुरंग का खात्मा करने में सक्षम 12 पोतों का निर्माण किया जा रहा है। इन सभी में मानवरहित एमसीएम स्वीट लगाने का ठेका एलएंडटी को दिया गया है। कंपनी ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह एग्जेल के साथ मिलकर इन स्वीट का निर्माण करेगी। इसमें एग्जेल की भूमिका प्रौद्योगिकी सहयोगी की होगी। फ्रांसीसी कंपनी को एमसीएम प्रौद्योगिकी में महारत हासिल है। दुनिया भर की कई नौसेनाएं उसकी इस प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित