पटना , अगस्त 19 -- रेलवे और परिवहन क्षेत्र की बहुराष्ट्रीय कंपनी एल्सटॉम और भारतीय रेलवे का संयुक्त उपक्रम, मधेपुरा इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव प्राईवेट लिमिटेड (एम.ई.एल.पी.एल) के प्रबंध निदेशक (एमडी)विवेक गर्ग ने बुधवार को कहा कि संस्थान ने सामाजिक दायित्व के निर्वाह के साथ बिहार की अर्थव्यवस्था में सकारात्मक योगदान दिया है।

श्री गर्ग ने कहा कि एमईएलपीएल के सामाजिक एवं आर्थिक प्रभाव आकलन उत्साह जनक और सकरात्मक रहे हैं। उन्होंने कहा कि आकलन में बताया गया है कि इस संस्थान में रेल सेक्टर के इस सबसे बड़े सीधे विदेशी निवेश ने किस प्रकार वित्तवर्ष 2020 से 2026 के बीच आर्थिक विकास और सामाजिक परिवर्तन लाने में मदद की है।

प्रबंध निदेशक ने कहा कि 10 साल पहले शुरू हुआ यह प्रजेक्ट 800 लोकोमोटिव के लक्ष्य के शुरू हुआ था और अब तक 650 यूनिट का लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि शेष 150 यूनिट का लक्ष्य मार्च 2028 तक पूरा कर लिया जायेगा। उन्होंने कहा कि इसे हासिल करने का बाद 200 यूनिट और बढ़ाये जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि 2028 के बाद कुछ अन्य योजनाओं पर भी काम चल रहा है।

श्री गर्ग ने कहा कि उनकी यह कंपनी करीब 60 हजार करोड़ का कारोबार क्र रही है, जो बिहार की अर्थव्यवस्था में एक बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि बिहार के कुल वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) का एक प्रतिशत भुगतान उनकी कंपनी करती है, जो सराहनीय योगदान है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित