जालंधर , अक्टूबर 02 -- पंजाब पुलिस ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में हुई हिंसा, आगजनी, लूटपाट, पुलिस वाहनों को आग लगाने और पुलिसकर्मियों पर हमले के मामले में नौ मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

पुलिस उप महानिरीक्षक, जालंधर रेंज नवीन सिंगला ने शुक्रवार को यहां प्रेस वार्ता में कहा कि इस संबंध में कपूरथला के थाना सतनामपुरा में एफआईआर संख्या 163 और थाना सदर फगवाड़ा में एफआईआर संख्या 106 दर्ज की गयी थी। मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) ने कई टीमें बनाकर सोशल मीडिया, समाचार चैनलों, एलपीयू परिसर के सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की। इनके आधार पर आरोपियों की पहचान की गयी। गिरफ्तार आरोपियों में सोनीपत निवासी जेम्स दहिया, फगवाड़ा निवासी गगनदीप उर्फ कोठा और जस्मीत कुमार, उत्तर प्रदेश के हमीरपुर निवासी आशुतोष, एक नाबालिग, जम्मू निवासी अंतरिक्ष दत्ता और साहिल सिंह तथा महाराष्ट्र निवासी कृष्ण कुमार और भविष्य करण उर्फ प्रेम शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों पर आगजनी, दंगा, लूटपाट, पुलिस बल पर हमला, राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध करने और एलपीयू के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाने के आरोप हैं। पुलिस ने कहा कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गयी हैं और लगातार छापेमारी की जा रही है।

श्री सिंगला ने कहा कि पूरे घटनाक्रम के दौरान उसने प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग से बचते हुए संयम बरता। उन्होंने कहा कि छात्रों की शिकायतों के समाधान के लिए नागरिक और पुलिस प्रशासन लगातार उनके साथ संवाद कर रहा है। साथ ही कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस नेशांति और न्याय सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित