नयी दिल्ली , अप्रैल 05 -- दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एलपीजी संकट को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में बसे पूर्वांचल और अन्य राज्यों के प्रवासियों के समक्ष रोज़गार के संकट वाले आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक संजीव झा के बयान की निंदा की है।
दिल्ली भाजपा के उपाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह और पार्टी के पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा ने संयुक्त बयान जारी कर श्री झा के बयान की निंदा की और उनके बयान को भ्रामक बताया है।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में बसे पूर्वांचल समाज और अन्य राज्यों के प्रवासियों के यहां से पलायन को लेकर "आप" नेता का बयान काल्पनिक और भ्रामक है। गैस किल्लत के कारण दिल्ली से आज तक नगण्य प्रवासियों ने पलायन किया है, दिल्ली में बसा पूर्वांचल और अन्य राज्यों का प्रवासी समाज वो दिन नहीं भूला है जब कोविड़ काल में लॉकडाउन लगने की घोषणाएं कर तत्कालीन अरविंद केजरीवाल सरकार ने प्रवासियों को गांवों की ओर पलायन को मजबूर किया था।
भाजपा नेताओं ने कहा कि केन्द्र और दिल्ली सरकारों के साथ ही दिल्ली भाजपा संगठन का उज्ज्वला योजना विभाग मंडल स्तर तक सक्रिय है और समाज के गरीब वर्ग को बुकिंग पर गैस सिलेंडर दिलवा रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बसा पूर्वांचली एवं अन्य राज्यों के प्रवासी भी भाजपा के वृहद परिवार के सदस्य हैं और हम हर वैध वोटर के साथ खड़े हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित