देहरादून 18 अप्रैल (वार्ता) उत्तराखंड के देहरादून में एलपीजी गैस की कालाबाजारी एवं अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) ने शनिवार को छह गैस सिलेंडर जब्त किए।

देहरादून जनपद के जिलाधिकारी सविन बंसल के हवाले से जिला सूचना कार्यालय के अस्थाई सहायक इंद्रेश कोठारी ने बताया कि आज क्यूआरटी ने मुखबिर से प्राप्त सूचना पर सुद्वोंवाला चौक से मांडूवाला मार्ग पर आनंदी हाउस के समीप एक मकान में अवैध रूप से हो रही गैस रिफिलिंग का कार्य पकड़ा।

छापेमारी के दौरान मौके से बरामद सामग्री को पुलिस के सहयोग से कब्जे में ले लिया गया हैं। जिनमें 19 किलोग्राम के 02 गैस सिलेंडर, 14 किलोग्राम के 04 गैस सिलेंडर, 01 इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 01 हैंगिंग वेटिंग मशीन, 01 बांसुरी (रिफिलिंग उपकरण) जब्त किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि मौके पर शिवम नामक युवक को अवैध रिफिलिंग कार्य करते हुए पाया गया। जांच में आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3/7 तथा एलपीजी (रेगुलेशन ऑफ सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन) ऑर्डर के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित