पौड़ी 21मार्च (वार्ता) उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशों के क्रम में शनिवार को प्रशासन एवं खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने कहा कि गैस आपूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ता हितों की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान कुल 30 प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें 12 गैस गोदाम एवं 18 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे। कोटद्वार क्षेत्र में दो गैस गोदामों का निरीक्षण किया गया, जबकि दुगड्डा, कोट-खोलाचौरी, पाबौ और सतपुली में एक-एक गोदाम की जांच की गई। नौगांवखाल में एक गैस गोदाम सहित 10 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, वहीं लक्ष्मणझूला क्षेत्र में आठ प्रतिष्ठानों की जांच की गई। इसके अतिरिक्त चेलूसैंण, लैंसडाउन, थलीसैंण और धुमाकोट-नैनीडांडा क्षेत्रों में भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर, वितरण प्रणाली और निर्धारित मानकों के अनुपालन की बारीकी से जांच की। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि उपभोक्ताओं को समय पर और निर्धारित मात्रा में गैस उपलब्ध हो रही है या नहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित