पौड़ी , मई 27 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढवाल जिले में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में बुधवार को जिला पूर्ति विभाग एवं प्रशासन की संयुक्त टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण अभियान चलाकर घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर कार्रवाई की।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि अभियान के तहत कोटद्वार, दुगड्डा और पौड़ी क्षेत्रों में कुल 57 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर घरेलू एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया, जिस पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ जुर्माना लगाया गया।
उन्होंने बताया कि कोटद्वार क्षेत्र में 27 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान चार घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग पाए जाने पर 9,200 रुपये का जुर्माना लगाया गया। दुगड्डा क्षेत्र में 10 प्रतिष्ठानों के निरीक्षण में दो सिलेंडरों के गलत उपयोग पर 4,600 रुपये का जुर्माना ठोका। वहीं पौड़ी क्षेत्र में 20 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान छह घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग पर 13,800 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस प्रकार पूरे अभियान में कुल 27,600 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी, जमाखोरी और घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग को रोकने के लिए नियमित रूप से ऐसे निरीक्षण अभियान जारी रहेंगे। उन्होंने गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा सभी अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि भविष्य में किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी अथवा प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित