दरभंगा , अक्टूबर 16 -- लित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (एलएनएमयू), दरभंगा के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी की अध्यक्षता में सिंडिकेट की बैठक शुक्रवार को हाइब्रिड मोड में कुलपति के आवासीय कार्यालय कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में वार्षिक सीनेट की बैठक एक, दो या तीन दिसंबर तथा दीक्षांत समारोह 22, 23 या 24 दिसंबर, 2026 को आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में विश्वविद्यालय के समुचित विकास के लिए अगले पांच वर्षों का रोडमैप 15 दिनों के भीतर तैयार करने पर भी सहमति बनी। इसके लिए विभागाध्यक्षों एवं सिंडिकेट सदस्यों का सहयोग लिया जाएगा।

बैठक में प्रो. हरि नारायण सिंह के आग्रह पर महात्मा गांधी कॉलेज, दरभंगा में भूगोल, प्राणी विज्ञान, गृह विज्ञान एवं उर्दू विषयों में स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू करने की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई। वहीं, प्रो. दिलीप कुमार चौधरी के आग्रह पर बहेड़ा कॉलेज, बहेड़ा में इतिहास, राजनीति विज्ञान एवं हिंदी विषयों में स्नातकोत्तर की पढ़ाई शुरू करने की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की गई। हालांकि, इन पाठ्यक्रमों का संचालन संबंधित महाविद्यालयों से समुचित प्रस्ताव प्राप्त होने तथा विश्वविद्यालय की विभिन्न निकायों से स्वीकृति मिलने के बाद ही किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित