मुंबई , सितंबर 18 -- लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी एलएंडटी सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजीज लिमिटेड (एलटीएससीटी) ने शुक्रवार को सेमीकॉन इंडिया 2026 में 40 नये उत्पाद पेश किए।
एलएंडटी ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि "सिलिकॉन टू सिस्टम्स: बिल्डिंग द इकोसिस्टम" थीम के तहत पेश किए गए ये उत्पाद तीन रणनीतिक प्राथमिकताओं - राष्ट्रीय सुरक्षा, डिजिटल संप्रभुता और ऊर्जा सुदृढ़ता - में देश की सेमीकंडक्टर क्षमताओं को बढ़ावा देंगे। इनमें इस्तेमाल तकनीकें सुरक्षित पहचान, इंटेलिजेंट सर्विलांस, आईपी कैमरे और महत्वपूर्ण अवसंरचना तथा रणनीतिक आवश्यकताओं का समर्थन करने वाले संचार समाधानों तक फैली हुई हैं। ऐसे समय में जब देश में डेटा सेंटर और एआई से जुड़े अवसंरचना का तेजी से निर्माण हो रहा है, यह पोर्टफोलियो स्वदेशी कंप्यूट और कनेक्टिविटी क्षमताओं की बढ़ती आवश्यकता को भी पूरा करता है।
इस प्रदर्शनी में दो महत्वपूर्ण उपलब्धियां शामिल हैं - एलटीएससीटी का पहला सिलिकॉन कार्बाइड उत्पाद प्लेटफॉर्म और पूरी तरह से देश में डिजाइन किया गया बीएलडीसी मोटर कंट्रोलर।
उत्पाद प्रदर्शनी पर टिप्पणी करते हुए एलएंडटी सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजीज के मुख्य कार्यकारी संदीप कुमार ने कहा, "हमारा दृढ़ विश्वास है कि देश के विकास का अगला अध्याय डिजिटल तकनीकों और विशालकाय अवसंरचनाओं दोनों से समान रूप से प्रेरित होगा। एलटीएससीटी के माध्यम से हम निवेश, इंजीनियरिंग प्रतिभा और दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के साथ इस विश्वास का समर्थन करते हैं।"प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सेमीकॉन 2.0 पहल के तहत कंपनी का फोकस सेमीकंडक्टर डिजाइन को नवाचार से आगे बढ़ाकर बड़े पैमाने पर बनने वाले उत्पादों और बाजार के लिए तैयार समाधान में बदलने पर है, जिसके लिए पूरे पारितंत्र में बेहतर सहयोग किया जा रहा है।
सेमीकॉन में एलटीएससीटी के स्टॉल पर असल दुनिया में इस्तेमाल होने वाले उत्पादों को दिखाया गया है। इसके एनालॉग और मिक्स्ड सिग्नल खंड में एक एकीकृत बीएलडीसी कंट्रोलर और पूरी तरह से कंपनी द्वारा खुद से डिजाइन किया गया यूएसबी जीएए चार्जर शामिल है। कंप्यूट खंड में एक स्वदेशी विजन कैमरा एसओसी शामिल है जो एडवांस्ड इमेज प्रोसेसिंग को ऑन-डिवाइस एआई एक्सेलेरेशन के साथ जोड़ता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित