कोलकाता , अप्रैल 30 -- कोलकाता मेट्रो रेल ने रेखीय प्रेरण मोटर (एलआईएम) आधारित प्रणोदन प्रणाली के क्षेत्र में मिलकर अनुसंधान एवं विकास करने के लिए भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मद्रास के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किया है।
इस बात की जानकारी भारतीय रेलवे ने गुरुवार को एक विज्ञप्ति जारी कर दी। विज्ञप्ति के अनुसार इस एमआयू का उद्देश्य भारतीय परिस्थितियों में एलआईएम तकनीक की व्यवहार्यता, परिचालन प्रदर्शन और जीवनचक्र लागत के प्रभावों की जांच करना है। इस सहयोग में एक पायलट प्रोजेक्ट (शुरुआती परियोजना) शामिल है, जिसमें एक मेट्रो मोटर कोच को रेट्रोफिट (आधुनिक बनाना) किया जाएगा, ताकि फील्ड-स्तर पर सत्यापन और परिचालन डेटा तैयार करने में मदद मिल सके। यह अध्ययन विशिष्ट गलियारे स्थितियों के लिए एलआईएम प्रणाली की उपयुक्तता का भी आकलन करेगा, जिसमें तीखे मोड़ और खड़ी ढलान वाले मार्ग शामिल हैं।
रेलवे के अनुसार इस पहल से उन्नत शहरी रेल तकनीक में स्वदेशी क्षमताओं को मजबूत करने और मेट्रो रेल क्षेत्र में नवाचार-आधारित विकास को बढ़ावा देने में योगदान मिलने की उम्मीद है। इस परियोजना के परिणाम देश भर में भविष्य के मेट्रो परियोजनाओं में वैकल्पिक प्रणोदन प्रणाली को अपनाने के संबंध में साक्ष्य-आधारित निर्णय लेने में सहायता करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित