वाराणसी , अक्टूबर 21 -- वाराणसी में 22, 24 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो के मद्देनजर पक्षियों के प्रबंधन एवं नियंत्रण को लेकर प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में आदमपुर जोन के जेरगुल्लर मोहल्ले में नगर निगम, पुलिस प्रशासन और वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए कबूतरों को हटवाया और उन्हें पालने के लिए लगाई गई लोहे की जालियां जब्त कर लीं। इस दौरान एक भवन से दो बंदूकें भी बरामद हुईं।
अधिकारियों के अनुसार, संयुक्त अभियान सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक चलाया गया। इस दौरान जेरगुल्लर मोहल्ले स्थित भवन संख्या ए/20/80ए-1 में कार्रवाई की गई। भवन स्वामी अतर जावेद उर्फ रेनी द्वारा तीन मंजिला मकान के सभी तलों पर कबूतर पालने के लिए लगाई गई लोहे की जालियों को ग्राइंडर मशीन से काटकर जब्त कर लिया गया।
निरीक्षण के दौरान भवन में अत्यधिक गंदगी और करीब 100 से अधिक चूहे पाए गए। इसके बाद भवन की साफ-सफाई कराई गई और संक्रमण की रोकथाम के लिए कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया गया। कार्रवाई के दौरान भवन में रखे एक शो-बॉक्स से दो बंदूकें भी बरामद हुईं। पुलिस ने दोनों बंदूकों को जब्त कर लिया। इस मामले में आगे की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध नहीं हो सकी।
अभियान में नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज, निगम का प्रवर्तन दल, आदमपुर जोन के जोनल अधिकारी, आदमपुर थाने की पुलिस टीम और वीडीए के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित