वाराणसी , अक्टूबर 20 -- वाराणसी में आगामी एयर शो के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए यातायात एवं थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों को सॉफ्ट स्किल प्रशिक्षण दिया गया। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देशन में पुलिस लाइन स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित कार्यशाला में नागरिकों के प्रति संवेदनशीलता, प्रभावी संवाद और सम्मानजनक व्यवहार पर जोर दिया गया।

पुलिस उपमहानिरीक्षक, प्रशिक्षण, मुख्यालय लखनऊ के तत्वावधान में आयोजित प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में नागरिक-केंद्रित पुलिसिंग की भावना को मजबूत करना है।

पुलिस आयुक्त ने पुलिसकर्मियों से सेवा भाव, विनम्रता और धैर्य के साथ ड्यूटी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक के साथ वैसा ही सम्मानजनक व्यवहार किया जाए, जिसकी अपेक्षा पुलिसकर्मी स्वयं अपने लिए करते हैं। एयर शो में आने वाले दर्शकों को अतिथि समझकर उनकी सहायता और उचित मार्गदर्शन सुनिश्चित किया जाए।

प्रशिक्षण के दौरान सहज मुस्कान, सकारात्मक शारीरिक हाव-भाव और शालीन भाषा के महत्व को रेखांकित किया गया। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया कि भीड़ नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश रोकने के दौरान नागरिकों को डांटने या अपमानित करने के बजाय विनम्रता से समझाएं।

अधिकारियों ने कहा कि बड़े आयोजनों में पुलिसकर्मियों का व्यवहार सुरक्षा व्यवस्था के साथ विभाग की छवि और जनविश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित