वाराणसी , अक्टूबर 19 -- भारतीय वायु सेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को आयोजित होने वाले एयर शो के मद्देनजर नगर निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन के दौरान दर्शकों की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए गंगा के प्रमुख घाटों को पब्लिक एड्रेस (पीए) सिस्टम से जोड़ा गया है। वहीं, नमो घाट से सामने घाट तक दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए हैं, ताकि पर्यटकों को आवागमन में परेशानी न हो।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल तैयारियों का जायजा लेने के लिए लगातार विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। एयर शो में बड़ी संख्या में नागरिकों, पर्यटकों और विशिष्ट अतिथियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर निगम ने घाटों और उनसे जुड़ने वाले प्रमुख संपर्क मार्गों पर विशेष व्यवस्था की है।

नगर निगम के अनुसार, नमो घाट से सामने घाट तक तथा घाटों को जोड़ने वाले प्रमुख मार्गों और गलियों में दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए हैं। इन पर घाटों के नाम और तीर के निशान के माध्यम से रास्तों की जानकारी दी गई है, जिससे दूसरे जिलों से आने वाले पर्यटक भी आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

भीड़ नियंत्रण के लिए गंगा के सभी प्रमुख घाटों को पीए सिस्टम से जोड़ा गया है। इसके माध्यम से वरिष्ठ अधिकारी लाउडस्पीकर और हैंडहेल्ड उपकरणों की मदद से लोगों को आवश्यक निर्देश देंगे और भीड़ की आवाजाही नियंत्रित करेंगे।

आयोजन स्थल और आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए मोबाइल एवं पोर्टेबल शौचालयों के साथ पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान लगाए जा रहे हैं। आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी। नगर आयुक्त ने सफाई निरीक्षकों को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर घाटों पर स्वच्छता और बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

एयर शो के दौरान विमानों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पक्षियों से टकराने (बर्ड हिट) की आशंका कम करने के उपाय भी किए जा रहे हैं। नगर निगम ने पशु कल्याण अधिकारी को पक्षियों की गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन के अनुसार, नमो घाट से 20 से 30 किलोमीटर की परिधि में 19 से 26 अक्टूबर तक मांस की कटाई और बिक्री करने वाली दुकानों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। इसके अलावा शहर और घाटों के आसपास आवारा पशुओं के प्रवेश पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित