नयी दिल्ली , अगस्त 13 -- एयर इंडिया की ग्राउंड हैंडलिंग इकाई एयर इंडिया सैट्स (एआईसैट्स) की अकादमी में प्रशिक्षण पाकर पूर्व सैनिकों और सैनिकों के परिवार से सदस्यों को करियर के नये अवसर मिल रहे हैं।

एयर इंडिया और आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गेनाइजेशन (एडब्ल्यूपीओ) के बीच करीब डेढ़ महीने पहले हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) के तहत चयनित 10 अभ्यर्थियों के पहले बैच को गुरुवार को यहां आयोजित एक कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र प्रदान किये गये। एआईसैट्स के मुख्य मानव संसाधन अधिकारी नमित बायकर ने ये नियुक्ति पत्र प्रदान किये। इसमें सैनिकों के परिवार के सदस्य और पूर्व सैनिक भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि इस एमओयू के तहत चयनित 46 और अभ्यर्थियों का दूसरा बैच भी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है।

एडब्ल्यूपीओ के प्रबंध निदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अजय सिंह चौहान ने कहा कि सेना से कई लोग 35-40 की उम्र में सेवानिवृत्त हो जाते हैं। यह ऐसा समय होता है जब उनके बच्चे पढ़ रहे होते हैं, घर की मासिक किस्त देनी होती है और परिवार की जिम्मेदारियां होती हैं। उन्होंने सैनिकों के बलिदान का सम्मान करने के लिए एआईसैट्स के प्रति आभार व्यक्त किया।

श्री बायकर ने कहा कि निश्चत रूप से कंपनी का मुख्य उद्देश्य कारोबार करना है, लेकिन इसके साथ ही शहीदों के परिवारों को उनकी योग्यता के अनुरूप रोजगार देना भी इस पहल का लक्ष्य है। यह एक संदेश है कि कंपनी देश की रक्षा करने वालों के परिवार के साथ है। उन्होंने बताया कि सैनिकों के परिवार के सदस्यों और पूर्व सैनिकों को नियुक्ति प्रक्रिया में किसी प्रकार की कोई छूट नहीं दी गयी है। उन्होंने अपनी योग्यता पर यह नौकरी हासिल की है।

एआईसैट्स से जुड़कर सैन्य परिवार से जुड़े लोग पैसेंजर और बैगेज हैंडलिंग, रैम्प हैंडलिंग, विमान के केबिन की सफाई, लोड कंट्रोल तथा फ्लाइट ऑपरेशन, और कार्गो सेवा में अपना करियर बना सकते हैं। एआईसैट्स टाटा समूह की कंपनी एयर इंडिया और सिंगापुर की सैट्स लिमिटेड के बीच बराबर हिस्सेदारी वाला संयुक्त उपक्रम है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित