नयी दिल्ली , अक्टूबर 07 -- टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया और उसमें 25 प्रतिशत हिस्सेदारी रखने वाली सिंगापुर एयरलाइंस ने बुधवार को अपने वाणिज्यिक सहयोग समझौते के तहत पहले चरण की शुरुआत की घोषणा की।
इस साल जनवरी में हस्ताक्षरित इस समझौते के तहत 15 अक्टूबर 2026 से सिंगापुर और आठ भारतीय शहरों की बीच प्रति सप्ताह 126 उड़ानों के लिए ग्राहक एक एयरलाइंस की वेबसाइट से दूसरे की उड़ान में टिकट बुक करा सकेंगे। इन आठ भारतीय शहरों में अहमदाबाद, बेंगलुरु, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद, कोच्चि, कोलकाता और मुंबई शामिल हैं।
अभी सिंगापुर एयरलाइंस के माध्यम से बुक की गई एयर इंडिया द्वारा संचालित योग्य कोडशेयर उड़ान में सिंगापुर एयरलाइंस द्वारा संचालित उड़ान का शामिल होना आवश्यक है। ऐसी ही शर्त एयर इंडिया के माध्यम से बुक की गई उड़ानों के लिए भी रखी गई है।
एयर इंडिया ने बताया कि 15 अक्टूबर से यह आवश्यकता हटा दी जाएगी। ग्राहक किसी भी एयरलाइंस द्वारा संचालित उड़ानों को दूसरी एयरलाइंस की वेबसाइट, मोबाइल एप्लिकेशन और नियुक्त ट्रैवल एजेंसियों के माध्यम से स्वतंत्र रूप से बुक कर सकेंगे।
इसके अलावा, साल 2027 की दूसरी तिमाही से लॉयल्टी प्वाइंट्स में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए जाएंगे। एयर इंडिया के महाराजा क्लब और सिंगापुर एयरलाइंस के क्रिसफ्लायर सदस्य अपने मौजूदा स्टार एलायंस विशेषाधिकारों के अलावा योग्य मार्गों पर बेहतर पारस्परिक लाभ लेंगे। महाराजा क्लब प्लेटिनम और क्रिसफ्लायर पीपीएस क्लब सदस्य संबंधित एयरलाइंस के अन्य शीर्ष-स्तरीय सदस्यों के साथ प्राथमिकता चेक-इन और बोर्डिंग विशेषाधिकारों का आनंद लेंगे। महाराजा क्लब सिल्वर और क्रिसफ्लायर एलीट सिल्वर सदस्यों को भी योग्य मार्गों पर अतिरिक्त बैगेज अलाउंस और प्राथमिकता बोर्डिंग लाभ प्राप्त होंगे।
एयर इंडिया के मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी निपुण अग्रवाल ने कहा, "एयर इंडिया को एक प्रमुख विश्व स्तरीय विमान सेवा कंपनी बनाने में यह रणनीतिक साझेदारी अहम भूमिका निभाएगी। सिंगापुर एयरलाइंस के साथ हमारे सहयोग का अगला चरण इस बात को दिखाता है कि हम अपने हर काम में ग्राहकों को सबसे ऊपर रखते हैं। दोनों एयरलाइंस की खूबियों का इस्तेमाल करके हमारा मकसद भारत और सिंगापुर के बीच यात्रा करने वाले अपने साझा ग्राहकों के लिए यात्रा के अनुभव को और बेहतर बनाना है।"एयर इंडिया और सिंगापुर एयरलाइंस के बीच वर्तमान में एक व्यापक कोडशेयर समझौता है, जिसमें 27 देशों और इलाकों के 77 गंतव्य शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित