नयी दिल्ली , जून 12 -- गुजरात के अहमदाबाद में 12 जून 2025 को हुए एयर इंडिया विमान हादसे की जांच कर रही हवाई दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने शुक्रवार को कहा कि वह अत्यंत सावधानी से हर पहलू की जांच कर रहा है, और मीडिया तथा आम लोगों से किसी प्रकार की अटकलबाजी से परहेज करने की अपील की है।
ठीक एक साल पहले हुई एआई171 की दुःखद दुर्घटना के पीड़ित परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए एएआईबी ने आज एक अंतरिम बयान में बताया कि पिछले एक साल में जांच दल ने दुर्घटना से संबंधित सभी तकनीकी, परिचालन, संगठनात्मक और मानवीय पहलुओं की व्यापक एवं गहन जांच की है। विमान प्रणालियों, फ्लाइट रिकॉर्डर डेटा, इंजन से संबंधित घटकों, रखरखाव एवं परिचालन दस्तावेजों तथा जांच से जुड़े अन्य साक्ष्यों के परीक्षण और विश्लेषण में ठोस प्रगति हुई है।
उसने बताया कि एकत्रित साक्ष्यों और विभिन्न परीक्षणों के परिणामों का वर्तमान में समग्र और एकीकृत तरीके से विश्लेषण किया जा रहा है। जहां भी जरूरी समझा जायेगा, अतिरिक्त तकनीकी मूल्यांकन और विशेषज्ञ परीक्षण जारी रखे जायेंगे, ताकि सभी निष्कर्ष सत्यापित साक्ष्यों और वैज्ञानिक विश्लेषण पर आधारित हों।
एएआईबी ने आज कहा कि दुर्घटना के प्रत्येक पहलू की अत्यंत सावधानी से जांच की जायेगी, ताकि निष्कर्ष और सुरक्षा संबंधी सिफारिशें सभी हितधारकों का विश्वास अर्जित कर सकें और नागरिक विमानन की निरंतर सुरक्षा सुनिश्चित करने में सार्थक योगदान दे सकें।
उसने स्पष्ट किया है कि दुर्घटना जांच का एकमात्र उद्देश्य सुरक्षा संबंधी सबक और सिफारिशों की पहचान करके विमानन सुरक्षा को बेहतर बनाना है, न कि किसी पर दोष या कानूनी जिम्मेदारी तय करना। इसलिए, सभी हितधारकों, मीडिया और आम जनता को जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की अटकलबाजी या समयपूर्व निष्कर्षों से बचने की सलाह दी गयी है।
उल्लेखनीय है कि पिछले साल 12 जून के एयर इंडिया की उड़ान एआई171 अहमदाबाद हवाई अड्डे से लंदन के लिए टेकऑफ करने के तुरंत बाद दुर्घटना का शिकार हो गयी थी। विमान उड़ान भरने के बाद ऊंचाई हासिल करने में विफल रहा और एक सरकारी मेडिकल कॉलेज के होस्टल से टकरा गया था।
इस हादसे में चालक दल के 12 सदस्य और 229 यात्रियों की मौत हो गयी थी जबकि एक यात्री चमत्कारिक रूप से जिंदा बच गया था। जमीन पर हादसे की चपेट में आने वाले 19 अन्य लोगों की मौत हो गयी थी और कई अन्य घायल हुए थे।
एएआईबी ने एक प्रारंभिक जांच रिपोर्ट 12 जुलाई 2025 को जारी की थी और अंतिम रिपोर्ट के लिए जांच जारी है।
नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप हादसे की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि सरकार दुर्घटना के कारणों और विमानन सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित