नयी दिल्ली , जून 16 -- टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने मंगलवार को घरेलू मार्गों पर 'बेसिक फेयर' विकल्प की पायलट के तौर पर शुरुआत की।
एयरलाइंस ने बताया कि 'बेसिक फेयर' का किराया अन्य विकल्पों की तुलना में कम होगा और इसके बदले उन्हें उड़ान के दौरान खाना नहीं दिया जायेगा। उसने बताया कि यह पूरी तरह से वैकल्पिक है। पहले से मौजूद 'वैल्यू', 'क्लासिक' और 'फ्लेक्स' विकल्पों में यात्रियों को खाना मिलता रहेगा।
बेसिक फेयर में सिर्फ खाना हटाया गया है जबकि 15 किलोग्राम चेक-इन बैगेज और सात किलोग्राम केबिन बैगेज की सुविधा बनी रहेगी।
एयरलाइंस की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि 'बेसिक फेयर' का विकल्प अभी पायलट के तौर पर चुनिंदा मार्गों दिया गया है। आगे चलकर इसका विस्तार करने की भी संभावना है। इससे पहले कुछ सीमित मार्गों पर इसका परीक्षण किया जा चुका है।
इससे उन यात्रियों को किराये में राहत मिलेगी जो बंडल सेवा की जगह अपनी जरूरत से हिसाब से खुद सेवाओं का चयन करने को प्राथमिकता देते हैं।
अभी 'बेसिक फेयर' विकल्प के तहत बुकिंग सिर्फ एयर इंडिया की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, कॉन्टेक्ट सेंटर और हवाई अड्डों पर मौजूद उसके दफ्तरों के माध्यम से की जा सकती है। ट्रैवल एजेंटों और अन्य तीसरे पक्ष के प्लेटफॉर्मों पर यह विकल्प फिलहाल उपलब्ध नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित