नयी दिल्ली , जून 22 -- टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया ने पूर्व नागर विमानन सचिव और निजीकरण से पहले एयरलाइंस के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) रहे प्रदीप सिंह खरोला को वरिष्ठ प्रबंधन टीम में शामिल किया है।

श्री खरोला एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन के कार्यकारी सलाहकार की भूमिका में एयर इंडिया से जुड़े हैं। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से की गयी है।

उनकी नियुक्ति ऐसे समय में हुई है जब एयरलाइंस के मौजूदा मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कैम्पबेल विल्सन अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं और कंपनी उनके उत्तराधिकारी की तलाश कर रही है।

श्री खरोला दूसरी बार एयर इंडिया के प्रबंधन से जुड़े हैं। इससे पहले सरकारी सेवा में रहते हुए साल 2017 से 2019 के बीच वह एयर इंडिया के सीएमडी रहे थे। उस समय यह सरकारी एयरलाइंस थी। उसके बाद वह नागर विमानन सचिव बने और एयर इंडिया के सफल निजीकरण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

श्री विल्सन ने एयर इंडिया कर्मचारियों के नाम भेजे एक पोस्ट में श्री खरोला के एयर इंडिया से जुड़ने पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा कि वह एयर इंडिया की प्रबंधन समिति के पूर्ण सदस्य होंगे और उनका अनुभव नये सीईओ को कार्यभार के सहज हस्तांतरण में अनमोल साबित होगा।

श्री विल्सन ने गत 07 अप्रैल को सीईओ के पद से इस्तीफा दे दिया था। एयरलाइंस ने कहा था कि नये सीईओ की नियुक्ति तक वह पद पर बने रहेंगे। एयर इंडिया बोर्ड ने श्री विल्सन के उत्तराधिकारी की तलाश के लिए एक समिति का गठन किया है। हालांकि अबतक नये सीईओ के नाम की घोषणा नहीं की गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित