नयी दिल्ली , मई 27 -- एयर इंडिया की बुधवार को दिल्ली से अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को जा रही उड़ान "तकनीकी खराबी" के कारण आधे रास्ते से दिल्ली लौट आयी।

एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने जारी बयान में बताया कि उड़ान संख्या एआई173 "तकनीकी खराबी के कारण तय प्रक्रिया के अनुरूप" 27 मई को दिल्ली लौट आयी। विमान की दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग हुई। फिलहाल उसका तकनीकि निरीक्षण किया जा रहा है।

सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में उतरने से पहले विमान लगभग नौ घंटे हवा में रहा। यह बोइंग का बी777-337 (ईआर) विमान था। इसमें 300 से 350 के बीच सीटें हैं।

एयरलाइंस ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है और कहा है कि उन्हें वैकल्पिक विमान से जल्द से जल्द सैन फ्रांसिस्को भेजा जायेगा। प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित