नयी दिल्ली , अगस्त 04 -- एयर इंडिया की फुकेट से दिल्ली आ रही उड़ान में मंगलवार को हवा में टर्बुलेंस के कारण चालक दल के चार सदस्यों समेत 15 लोग घायल हो गये।

एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि उड़ान संख्या एआई2379 को मंगलवार को फुकेट से दिल्ली आते समय हवा में हल्के टर्बुलेंस (हवा में लगने वाले झटके) का सामना करना पड़ा, जिससे विमान अचानक हवा में कुछ नीचे आ गया।

सूत्रों ने बताया कि घटना लैंडिंग से पहले उस समय हुई जब विमान लैंडिंग के लिए नीचे आ रहा था। टर्बुलेंस के कारण विमान क्षणभर के लिए अनियंत्रित होकर नीचे आ गया। घटना में 11 यात्री और चालक दल के चार सदस्य घायल हो गये। विमान की पूर्वाह्न 11.07 बजे दिल्ली में लैंडिंग हुई।

सूत्रों के मुताबिक, चालक दल के चार सदस्यों और तीन यात्रियों को फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुछ यात्रियों को वसंत कुंज स्थित स्पाइनल इंजरी सेंटर में और कुछ को गुरुग्राम स्थित मेदांता में भर्ती कराया गया है।

हवा के घनत्व में अचानक परिवर्तन के कारण कभी-कभी विमानों को एक घनत्व वाले वायु-क्षेत्र से दूसरे घनत्व वाले वायु-क्षेत्र में प्रवेश करते समय टर्बुलेंस का सामना करना पड़ता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित