नयी दिल्ली , सितंबर 04 -- टाटा समूह की विमान सेवा कंपनी एयर इंडिया के महाराजा क्लब के सदस्य अब आईएचजी होटल्स एंड रिसॉर्ट्स में ठहरने पर रिवॉर्ड प्वाइंट्स कमा सकेंगे।

एयर इंडिया और आईएचजी ने शुक्रवार को इस नयी साझेदारी की घोषणा की। इसके तहत आईचजी वन रिवॉर्ड्स के सदस्य भी अपने प्वाइंट्स को महाराजा प्वाइंट्स में बदल सकेंगे।

एयर इंडिया की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह साझेदारी 100 से अधिक देशों में आईएचजी के 7,100 से ज्यादा होटलों के वैश्विक पोर्टफोलियो को भारत और पांच महाद्वीपों में फैले एयर इंडिया के नेटवर्क के साथ जोड़ती है। ज्यादातर आईचजी होटल्स और रिसॉर्ट्स में खर्च किये गये प्रति डॉलर पर सदस्यों को दो महाराजा प्वाइंट्स मिलेंगे। कैंडलवुड सूट्स, स्टेब्रिज सूट्स, आईचजी रेजिडेंस और आईचजी आर्मी होटल्स में ठहरने पर खर्च किये गये प्रत्येक डॉलर पर एक महाराजा प्वाइंट मिलेगा।

सदस्यों को अपने आईएचजी वन रिवॉर्ड्स प्वाइंट्स को महाराजा प्वाइंट्स में बदलने की सुविधा भी मिलेगी। एक हजार आईएचजी वन रिवॉर्ड्स प्वाइंट को 200 महाराजा प्वाइंट में बदला जा सकेगा। अदला-बदली के लिए कम से कम 1,000 आईएचजी वन रिवॉर्ड्स प्वाइंट की जरूरत होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित